लगातार दूसरी बार गुजरात विद्यापीठ की टीम में बनाई जगह, इंदौर में 13 से 18 नवंबर तक दिखाएंगे दमखम
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। प्रतिभा, परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण जब एक साथ मिलते हैं तो सफलता की नई इबारत लिखी जाती है। इसका उदाहरण महराजगंज के परासखांड निवासी बब्बी कुमार ने पेश किया है। गुजरात विद्यापीठ, अहमदाबाद में एमपीएड की पढ़ाई कर रहे बब्बी ने न सिर्फ लगातार दूसरी बार वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की की है, बल्कि इस बार उन्हें विश्वविद्यालय की टीम का उपकप्तान भी बनाया गया है।
बब्बी कुमार की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है कि उन्हें लगातार दूसरी बार प्रतिष्ठित अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। उनके खेल कौशल, अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताते हुए टीम प्रबंधन ने उन्हें उपकप्तान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
मध्य प्रदेश के इंदौर में 13 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में बब्बी गुजरात विद्यापीठ की टीम के साथ मैदान में उतरेंगे। उपकप्तान के रूप में उन पर टीम के बेहतर प्रदर्शन के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की भी जिम्मेदारी होगी।
बब्बी की इस सफलता से उनके गृह जनपद महराजगंज में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमी विमल पांडेय, दीनानाथ विश्वकर्मा, रवींद्र जैन, कमलेश वर्मा, अजय वर्मा और हीरामन चौरसिया समेत क्षेत्र के युवाओं ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बब्बी की यह कामयाबी जिले के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने का सपना देख रहे हैं।