तीन छोटे बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब मंजू देवी पर, मुश्किल वक्त में विद्यालय परिवार बना सहारा
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
पनियरा, महराजगंज। पनियरा ब्लॉक के ग्राम सभा उस्का स्थित हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज में दाई के पद पर कार्यरत मंजू देवी के पति का पंजाब में निधन हो गया। पति के अचानक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मंजू देवी के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और दो बेटे शामिल हैं। ऐसे में बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की पूरी जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर आ गई है।
परिवार पर आए इस संकट की घड़ी में हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज के प्रबंधक मोहम्मद सलीम खान और विद्यालय परिवार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। प्रबंधक एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की ओर से मंजू देवी को 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके।
विद्यालय परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। विद्यालय परिवार की इस पहल की सराहना की जा रही है।
