अमावस्या पर बलि देने की थी योजना, दो माह के मासूम का अपहरण; दिल्ली से सकुशल बरामद, तीन गिरफ्तार

100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर महराजगंज पुलिस पहुंची दिल्ली, दो महिलाओं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। ठूठीबारी थाना क्षेत्र के राजाबारी गांव से दो माह के मासूम के अपहरण का महराजगंज पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने सर्विलांस और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर महराजगंज से दिल्ली तक आरोपियों का पीछा करते हुए कश्मीरी गेट बस स्टैंड से मासूम विक्की को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


जानकारी के अनुसार, तीन नवंबर की रात गोविन्द के घर से उनके दो माह के बेटे विक्की का अपहरण कर लिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए ठूठीबारी पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्चे को लेकर जाती दिखाई दी। जांच के दौरान उसकी पहचान घुघली थाना क्षेत्र के कफवा निवासी सावित्री के रूप में हुई। सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सावित्री तथा उसके साथी करण कुमार गौतम के कब्जे से बच्चे को बरामद कर लिया।

 

अमावस्या पर बलि देने की थी साजिश

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अंधविश्वास के चलते अमावस्या के दिन मासूम की बलि देने की योजना बनाने की बात बताई। उनका मानना था कि ऐसा करने से परिवार के लापता सदस्य वापस आ जाएंगे और अकाल मृत्यु की घटनाएं रुक जाएंगी। इस साजिश में सावित्री, सरस्वती और करण कुमार गौतम शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपियों में सावित्री, सरस्वती (55) निवासी कफवा, थाना घुघली और करण कुमार गौतम (22) निवासी देवरिया शामिल हैं। मासूम का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बरामदगी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link